जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है. ऐसे में अमेरिका ने कूटनीतिक पहल शुरू कर दी है. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से अलग-अलग बातचीत की.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टैमी ब्रूस के मुताबिक मार्को रुबियो ने डॉ. एस जयशंकर से बात कर हमले पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अमेरिका की भारत के साथ प्रतिबद्धता को दोहराया. अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान दोनों से अपील की है कि वे तनाव कम करने की दिशा में संवाद करें और दक्षिण एशिया में शांति बनाए रखें.
उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शहबाज़ शरीफ ने अमेरिकी विदेश मंत्री को क्षेत्रीय हालात पर पाकिस्तान की स्थिति से अवगत कराया और भारत पर उकसाने का आरोप लगाया.
