पीएम-सीएम आवास योजना की लाभार्थी महिलाएं बनेंगी ‘लखपति दीदी’… यूपी सरकार की नई पहल – yogi government to transform housing scheme beneficiaries into lakhpati didis through self help groups lcla

उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उद्यमिता की ओर अग्रसर करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. अब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की महिला लाभार्थियों को ‘लखपति दीदी’ के रूप में सशक्त किया जाएगा. यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और वित्तीय सहायता के माध्यम से एक नया भविष्य देने का प्रयास है.

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जिन महिलाओं को ग्रामीण आवास योजनाओं का लाभ मिला है, उनकी सालाना आय कम से कम 1 लाख रुपये तक पहुंचाई जाए. इसके लिए उन्हें स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups – SHGs) से जोड़ा जाएगा और ट्रेनिंग, लोन, तकनीकी सहयोग सहित अन्य संसाधन मुहैया कराए जाएंगे.

इस अभियान को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत आगे बढ़ाया जाएगा, जिसमें महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना (MKSP), स्टार्टअप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (SVEP), राष्ट्रीय ग्रामीण आर्थिक परिवर्तन परियोजना (NRETP), दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY), ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: ‘पीएम आवास योजना में किसी बाहरी को नहीं दी जा रही जमीन’, बोले JK के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

अब तक राज्य में 8.42 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों का गठन हो चुका है, जिनसें 95 लाख से अधिक परिवार जुड़े हैं. सरकार का इरादा है कि और अधिक महिलाओं को इन समूहों में शामिल किया जाए, जिससे उन्हें स्थायी आमदनी और सामाजिक पहचान मिल सके.

जो महिलाएं SHGs के माध्यम से उत्पाद तैयार करेंगी, उन्हें स्थानीय हाट बाजारों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और सरकारी मेलों के माध्यम से प्रोडक्ट्स बेचने का मंच भी दिया जाएगा. इससे उनकी आय में प्रत्यक्ष वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में महिलाओं को घर की मालकिन बनाने के साथ-साथ रोजगार की दिशा में भी अवसर दिए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *