दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया. रात करीब 2:30-3:00 बजे के आसपास एक चार मंजिला इमारत ढह गई जिसमें करीब दो दर्जन लोग दब गए. अब तक की जानकारी के मुताबिक मलबे में दबने से चार लोगों की मौत हो चुकी है. घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें बिल्डिंग के गिरने के बाद उठते गुबार को देखा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के दयालपुर में देर रात गिरी चार मंजिला इमारत, 4 लोगों की मौत, मलबे से निकाले गए 18 लोग
वीडियो में दिखा धूल का गुबार
एक स्थानीय निवासी की ओर से शेयर की गई 17 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में इमारत के गिरने का दृश्य रिकॉर्ड हो गया. फुटेज में देखा जा सकता है कि इमारत के ढहते ही गली में तेज हवा और धूल का गुबार उठता है.
इमारत के गिरने से करीब दो दर्जन लोग मलबे में दब गए. एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा के मुताबिक इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है. मृतकों की पहचान चांदनी, दानिश, रेशमा और नावेद के रूप में हुई है. फिलहाल 18 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है जिनमें से 14 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी भी कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
एनडीआरएफ, डॉग स्क्वाड, दिल्ली पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. स्थानीय लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं. एक चश्मदीद ने बताया कि इमारत पुरानी या जर्जर हालत में नहीं थी बल्कि अच्छी कंडीशन में थी लेकिन यह प्लॉट ‘L’ शेप में था जो संभवत: बिल्डिंग के गिरने की एक वजह हो सकता है.
दिल्ली फायर सर्विस के एक कर्मी ने बताया कि हमें रात करीब 2:50 बजे एक मकान के ढहने की सूचना मिली. हम मौके पर पहुंचे तो पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं. एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है.











Leave a Reply