सहारनपुर: पाकिस्तानी झंडे के चक्कर में स्कूल से निकाली गई 11वीं की छात्रा, हिंदू संगठनों में आक्रोश, जानिए मामला – Saharanpur Class 11 muslim student expelled from school for Pakistani flag anger among Hindu organisations lclam

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 11वीं कक्षा की एक छात्रा को सड़क पर चिपके पाकिस्तान के झंडे को हटाने की कोशिश करना भारी पड़ गया. दरअसल, यह छात्रा स्कूटी से जा रही थी, तभी उसने देखा कि सड़क के बीचोबीच पाकिस्तान का झंडा चिपका हुआ है, और उस पर से वाहन गुजर रहे हैं, तो छात्रा ने स्कूटी रोकी और झंडे को सड़क से हटाने की कोशिश करने लगी. हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हो पाई. 

इस पूरी घटना का एक 12 सेकेंड का वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. वीडियो वायरल होने के बाद बवाल बच गया. लोगों ने छात्रा की हरकत का विरोध शुरू कर दिया. जिसपर अब छात्रा के स्कूल ने भी संज्ञान लिया है. 

सड़क पर चिपके पाकिस्तानी झंडे को हटाने का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में रोष फैल गया और उन्होंने इसे देशविरोधी कृत्य बताया. अगले ही दिन क्रांतिसेना संगठन के लोग स्कूल पहुंचे और प्रबंधन पर दबाव बनाते हुए छात्रा के निष्कासन की मांग की. उन्होंने इसे देशद्रोह का मामला करार दिया.  

स्कूल प्रशासन ने संगठनों के विरोध और माहौल की गंभीरता को देखते हुए छात्रा को स्कूल से निष्कासित कर दिया है. छात्रा मुस्लिम समुदाय से है और सहारनपुर के गंगोह इलाके की रहने वाली बताई जा रही है. 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 29 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में कुछ संगठनों ने पाकिस्तान का झंडा सड़क पर चिपकाया था, जिससे लोग उसे पैरों तले रौंदते रहें. लेकिन छात्रा को ये नागवार गुजरा और वो इसे सड़क से हटाने की कोशिश करने लगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *