UP: शादी में जूता छुपाई की रस्म में साली ने जीजा से मांगे 15 हजार, 2100 देने पर हुई कहासुनी, बिना दुल्हन लौटा दूल्हा – bijnor shoes stealing ritual fight baarat returns without bride uttar pradesh lclar

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जूता छुपाई की रस्म एक बार फिर शादी टूटने की वजह बन गई. नांगल कस्बे के एक बैंकट हॉल में नजीबाबाद के मोहल्ला हर्षवाड़ा से रिजवान की बारात आई थी. बारात का धूमधाम से स्वागत हुआ और निकाह की रस्म भी पूरी कर ली गईं.

इसके बाद जूता चुराई की रस्म शुरू हुई. दुल्हन की साली ने दूल्हे रिजवान के जूते चुराकर ₹15 हजार रुपये की मांग कर दी. जवाब में रिजवान ने उसे ₹2100 देने चाहे, लेकिन साली ने लेने से इनकार कर दिया.

जूता छुपाई रस्म में हुआ विवाद

इस शादी में लड़की की बड़ी बहन की भी बारात आई थी और उसके पति ने जूता चुराई की रस्म में ₹15,000 दिए थे. इसी बात पर साली ने कहा कि जब बड़े जीजा ने पूरे पैसे दिए हैं, तो आप भी देने होंगे.

बात बढ़ती गई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. लड़की वालों ने इसे अपना अपमान मानते हुए शादी की बाकी रस्में रोक दीं और बारात को हाल में ही रोक लिया गया.

बिना दुल्हन के लौटी बारात

देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. रात 1 बजे पुलिस बैंकट हॉल पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. थाने में सुलह की कोशिश हुई, लेकिन बात नहीं बनी और रिजवान अपनी बारात को बिना दुल्हन के ही वापस ले गया.

थाना प्रभारी नांगल सुशील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है और किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है. कुछ दिन पहले भी नजीबाबाद में देहरादून से आई बारात में इसी रस्म के दौरान ₹51,000 की मांग पर विवाद हुआ था और बारात बिना दुल्हन के लौट गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *