Karnataka Ex DGP Om Prakash Murder Case – बहन और बेटे के नाम प्रॉपर्टी खरीदने से नाराज थी पत्नी, क्या जमीन विवाद बना कर्नाटक के पूर्व DGP की हत्या की वजह? – Ex Karnataka DGP Om Prakash killed by wife Pallavi over property feud What police said ntc

कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या के पीछे क्या जमीन विवाद एक प्रमुख वजह है? बेंगलुरु पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ओम प्रकाश पर उनकी पत्नी पल्लवी ने कथित तौर पर चाकू से 8 से 10 बार वार किया. पुलिस के मुताबिक 2015 में कर्नाटक के शीर्ष पुलिस अधिकारी रहे ओम प्रकाश की नृशंस हत्या का कारण संभवतः पारिवारिक विवाद था. उनकी सुरक्षा में तैनात एक अन्य पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था और पिछले कुछ दिनों में विवाद बढ़ गया था.

पुलिस के मुताबिक, ओम प्रकाश ने अपनी बहन के नाम पर दांडेली में एक जमीन खरीदी थी. उनकी पत्नी पल्लवी ने कथित तौर पर उन पर दबाव डाला था कि वह जमीन उनके नाम कर दें. पूर्व डीजीपी ने एक दूसरी प्रॉपर्टी अपने बेटे के नाम पर रजिस्टर्ड कराई थी, इस कारण भी उनकी पत्नी नाराज थीं. पुलिस अधिकारी के अनुसार पल्लवी ने कुछ दिन पहले सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप पर एक संदेश पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपने पति पर उनकी कनपटी पर पिस्तौल लगाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था.

पूर्व DGP की पत्नी-बेटी पर हत्या का आरोप

रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश की शिकायत के बाद उनकी पत्नी पल्लवी और बेटी कृति पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. बेटे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी मां पल्लवी पिछले एक सप्ताह से उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने कार्तिकेश के हवाले से बताया, ‘इन धमकियों के कारण मेरे पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे. दो दिन पहले मेरी छोटी बहन कृति वहां गई और उसने मेरे पिता पर घर लौटने का दबाव बनाया. वह उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध वापस ले आई.’

यह भी पढ़ें: पत्नी ने पहले मिर्ची डाली, फिर चाकू से गोदा… पूर्व DGP की हत्या की खौफनाक वारदात

कार्तिकेश ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे जब वह डोम्लुर स्थित कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन में थे, तो उनके पड़ोसी ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके पिता नीचे पड़े हुए हैं. उन्होंने बताया, ‘मैं घर पहुंचा (जो एचएसआर लेआउट में स्थित है) और वहां पुलिस अधिकारियों और लोगों को मौजूद पाया. मेरे पिता खून से लथपथ पड़े थे और उनके सिर और शरीर पर चोटें थीं. उनके शरीर के पास एक टूटी हुई बोतल और एक चाकू पड़ा था. इसके बाद उन्हें सेंट जॉन्स अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने अत्यधिक खून बहने से उनकी मौत होने की बात कही.’

बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच

इस बीच, मामले को आगे की जांच के लिए बेंगलुरु की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) को ट्रांसफर कर दिया गया है. जांच अधिकारी ने अपने पति की हत्या की आरोपी पल्लवी ओम प्रकाश (64) को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने पल्लवी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. जब पुलिस जांच के सिलसिले में पल्लवी को क्राइम सीन पर ले गई, तो उन्होंने वहां मौजूद मीडियाकर्मियों को बताया कि इस चरम कदम के पीछे घरेलू हिंसा ही कारण थी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीखी नोकझोंक के बाद पल्लवी ने कथित तौर पर अपने पति ओम प्रकाश के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया था.

पुलिस के मुताबिक जब पूर्व पुलिस अधिकारी मिर्च पाउडर से होने वाली जलन से राहत पाने के लिए छटपटा रहे थे, तो पल्लवी ने कथित तौर पर उन पर कई बार चाकू से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूत्रों के मुताबिक अपने पति की हत्या करने के बाद, पल्लवी ने अपने एक दोस्त को वीडियो कॉल करके कहा, ‘मैंने राक्षस को मार दिया है.’ यह हत्या दंपत्ति के बीच अक्सर होने वाले झगड़ों का नतीजा थी. कर्नाटक के दांडेली में संपत्ति को लेकर विवाद के मामले में पल्लवी कुछ महीने पहले शिकायत दर्ज कराने के लिए एचएसआर लेआउट पुलिस स्टेशन का रुख किया था. जब वहां के कर्मचारियों ने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया तो उन्होंने पुलिस स्टेशन के सामने धरना दिया था. यह भी पता चला है कि पल्लवी सिजोफ्रेनिया बीमारी से ग्रसित हैं और दवाएं लेती हैं.

यह भी पढ़ें: वारदात: पूर्व DGP की घर में हत्या, पत्नी ने क्यों कही राक्षस को मार देने की बात?

पूर्व डीजीपी का बेंगलुरु में हुआ अंतिम संस्कार

इस बीच, सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पूर्व शीर्ष पुलिस अधिकारी का पूरे राजकीय सम्मान के साथ बेंगलुरु में अंतिम संस्कार किया गया. उनके बेटे कार्तिकेश ने उन्हें मुखाग्नि दी. अंतिम संस्कार के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कार्तिकेश ने कहा, ‘कल की घटना के बाद, मैंने शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस अपना काम कर रही है और मुझे उन पर पूरा भरोसा है. मैं इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता क्योंकि जांच में सब कुछ सामने आ जाएगा. चलिए इसका इंतजार करते हैं.’ 68 वर्षीय सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी चंपारण, बिहार के मूल निवासी थे और उनके पास भूविज्ञान में मास्टर डिग्री थी. ओम प्रकाश को 1 मार्च, 2015 को कर्नाटक का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था.
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *