daytalk

IPL मैचों को लेकर दिल्ली मेट्रो का बड़ा फैसला, सभी लाइन पर बढ़ेगा आखिरी ट्रेन का समय – Delhi Metro to extend last train timings for IPL matches at Arun Jaitley Stadium lclk

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज़ शाह कोटला ग्राउंड) में होने वाले आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी-20 मैचों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है. मेट्रो ने दर्शकों की सुविधा के लिए सभी लाइन पर आखिरी ट्रेन की समय सीमा बढ़ाने की घोषणा की है. इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक डीएमआरसी ने अपने बयान में कहा है कि मैच के बाद भारी भीड़ को संभालने के लिए मैच वाले दिनों में 76 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप चलाई जाएंगी. यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि मैच देखने के बाद लौटने वाले दर्शकों को मेट्रो सेवा आसानी से मिल सके और किसी तरह की असुविधा न हो.

मैच वाले दिन आखिरी मेट्रो ट्रेन सामान्य समय से एक से दो घंटे तक ज्यादा देर तक चलेंगी. यह फैसला दर्शकों के सुरक्षित और आरामदायक सफर को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. डीएमआरसी ने बताया कि ये अतिरिक्त सेवाएं 13, 16, 27 और 29 अप्रैल और 11 मई को लागू रहेंगी, जब अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल मैच खेले जाएंगे.

अरुण जेटली स्टेडियम दिल्ली गेट और आईटीओ मेट्रो स्टेशनों के पास स्थित है, जो वायलेट लाइन पर आते हैं. यह लाइन कश्मीरी गेट से लेकर राजा नाहर सिंह तक जाती है. मैच देखने आने वाले अधिकतर लोग इन्हीं स्टेशनों के माध्यम से मेट्रो का उपयोग करते हैं.

हालांकि, जनकपुरी वेस्ट से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक जाने वाली मेट्रो सेवा की आखिरी ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. डीएमआरसी ने यह भी कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर मैच के आधार पर आखिरी ट्रेन का समय और आगे बढ़ाया जा सकता है.

दिल्ली मेट्रो का यह कदम न केवल ट्रैफिक दबाव को कम करेगा बल्कि शहर में मैच के बाद लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगा. दर्शकों से भी अपील की गई है कि वो यात्रा के लिए मेट्रो सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और मेट्रो स्टाफ के निर्देशों का पालन करें.

 

Exit mobile version