जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में सुरक्षा बलों ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. यह कार्रवाई पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद की जा रही है, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी. बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
सूत्रों के अनुसार, यह सर्च ऑपरेशन तब शुरू किया गया जब एक महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने इलाके में चार संदिग्ध लोगों को देखा है. महिला की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा बल तुरंत हरकत में आ गए.
जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) मौके पर पहुंच गई है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सघन तलाशी अभियान चला रही है. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित है और पहले भी घुसपैठ की कोशिशें यहां देखी जा चुकी हैं. सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि संदिग्ध किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हो सकते हैं. पुलिस और सेना की टीमें तलाशी अभियान को बेहद सावधानी और रणनीतिक तरीके से अंजाम दे रही हैं. ड्रोन और स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जा रही है.
यह खबर शुरुआती सूचनाओं के साथ प्रकाशित की गई है. जल्द नए अपडेट्स जोड़े जाएंगे.
