JEE Mains Result 2025: AIR-1 पर होंगे कई स्टूडेंट्स? एक्सपर्ट्स ने बताया NTA स्कोर टाई हुआ तो क्या होगा – JEE Mains Result 2025 There will be many students on AIR 1 experts told what will happen if NTA scores are tied amnr

JEE Mains Result 2025 NTA Score: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन (बीई-बीटेक) का रिजल्ट आज यानी 17 अप्रैल को जारी हो सकता है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने सूचना बुलेटिन में कहा था कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) मेन सत्र 2 का परिणाम 17 अप्रैल तक घोषित किया जाएगा. घोषित होने पर, उम्मीदवार JEE मेन सत्र 2 का परिणाम jeemain.nta.nic.in पर देख सकते हैं. परिणाम की अधिसूचना nta.ac.in पर भी जारी की जाएगी.

जेईई मेन्स सेशन-2 का एग्जाम 2 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित किया गया था. JEE मेन सत्र 2, पेपर 1 के लिए अनंतिम उत्तर कुंजी, प्रश्न पत्र और उम्मीदवारों की प्रतिक्रियाओं के साथ, पहले ही जारी कर दी गई थी. उम्मीदवारों से आपत्तियां उठाने का मौका (अगर कोई हो) दिया गया था. प्राप्त आपत्तियों का सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स द्वारा निपटारा करने के बाद जेईई मेन्स रिजल्ट और फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी.

Steps to Check JEE Mains Result 2025: यहां देखें तरीका
स्टेप 1: जेईई मेन्स रिजल्ट जारी होने के बाद, आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं.
स्टेप 2: होम पेज पर दिए गए सेशन 2 रिजल्ट लिंक (जल्द एक्टिव होगा) पर क्लिक करें.
स्टेप 3: यहां लॉग इन क्रेडेंशियल्स दर्ज करनी होगी.
स्टेप 4: जेईई मेन्स रिजल्ट स्क्रीन पर खुल जाएगा, उसे चेक कर सकेंगे.
स्टेप 5: रिजल्ट डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट भी अपने रख सकते हैं.

कई स्टूडेंट्स प्राप्त कर सकते हैं AIR 1
कोचिंग नगरी कोटा में करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि इस साल जेईई-मेन के परिणामों में आल इंडिया रैंक-1 पर कई स्टूडेंट्स आना तय है. इसका कारण जेईई-मेन द्वारा दो विद्यार्थियों के समान टोटल एनटीए स्कोर पर टाई लगने का मैथड है. एनटीए द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार दो विद्यार्थियों के टोटल एनटीए स्कोर पर टाई होने पर सर्वप्रथम मैथेमेटिक्स का एनटीए स्कोर, इसमें टाई होने पर फिजिक्स और इसके बाद केमेस्ट्री के एनटीए स्कोर के आधार पर रैंक को प्राथमिकता दी जाएगी.

JEE Mains Result Score टाई का मैथड
उपरोक्त सभी विषयों में टाई होने की स्थिति में विद्यार्थियों के कुल सही एवं गलत जवाबों के प्राप्तांकों के अनुपात को देखा जाएगा. इस स्थिति के बाद क्रमशः मैथेमेटिक्स, फिजिक्स एवं कैमेस्ट्री के सही एवं गलत उत्तरों के नंबर के अनुपात को देखा जाएगा. उपरोक्त सभी स्थितियों में टाई होने पर विद्यार्थियों की एक समान आल इंडिया रैंक जारी कर दी जाएगी. ऐसी स्थिति में जिन विद्यार्थियों का परफेक्ट स्कोर 300 में से 300 है, उनकी AIR-1 जारी होगी.

हायर एनटीए स्कोर
एलन इंस्टीट्यूट के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि जेईई-मेन के अप्रैल सेशन के जारी किए गए परिणामों में विद्यार्थियों की आल इंडिया रैंक, कैटेगरी रैंक के साथ-साथ एडवांस्ड परीक्षा देने की पात्रता भी जारी की जाएगी. आल इंडिया रैंक जारी करने के लिए विद्यार्थियों के जनवरी एवं अप्रैल सेशन के हायर एनटीए स्कोर को लिया जाएगा.

7 डेसीमल में हायर एनटीए स्कोर
7 डेसीमल में हायर एनटीए स्कोर के आधार पर ही आल इंडिया रैंक जारी की जाएगी. आल इंडिया रैंक के साथ-साथ विद्यार्थी जिस कैटेगरी से संबंधित है, उसकी कैटेगरी रैंक जारी होगी. विद्यार्थी के जनवरी एवं अप्रैल के 7 डेसीमल में हायर एनटीए स्कोर के आधार पर एडवांस्ड देने की पात्रता जारी की जाएगी. एडवांस्ड देने की पात्रता कैटेगरी के आधार पर अलग-अलग होगी. जेईई-मेन के आधार पर शीर्ष चुने हुए करीब ढाई लाख विद्यार्थी ही एडवांस्ड देने के पात्रता होंगे.

बता दें इस साल 22 से 29 जनवरी के बीच 10 पारी व अप्रैल में 2 से 8 अप्रैल के बीच 9 पारियों में एग्जाम हुआ था. दोनों पारियों में मिलाकर इस साल इतिहास में सर्वाधिक 15 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने जेईई-मेन परीक्षा दी. इन सभी विद्यार्थियों को अब अपने रिजल्ट का इंतजार है, जो किसी भी समय खत्म हो सकता है. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *