daytalk

Meerut: अब्दुल्लापुर में हुसैनी चौक बोर्ड पर कालिख पोतकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, आरोपी को भीड़ ने पकड़ा – hussaini chowk board defaced meerut abdullapur communal tension uttar pradesh lclar

मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर गांव में शनिवार रात सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई. गांव में शिया समुदाय द्वारा लगाए गए हुसैनी चौक के बोर्ड पर दो युवकों ने कालिख पोत दी. यह हरकत वहां मौजूद कुछ लोगों ने देख ली और शोर मचाया. इसके बाद भीड़ ने दोनों युवकों का पीछा किया.

भागते हुए युवकों में से एक ने अपने साथी को बीच रास्ते में उतार दिया, लेकिन खुद कार समेत पकड़ा गया. सूचना मिलने पर गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई. बाद में आरोपी को भावनपुर पुलिस को सौंप दिया गया.

सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश

पुलिस ने इस मामले में अब्दुल्लापुर गांव निवासी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है. हालांकि, पकड़े गए युवक की पहचान हो चुकी है और उसे थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

मेरठ के एसपी देहात राकेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version